Khabarnama desk : बीते 24 घंटों से झारखंड में लगातार हो रही बारिश ने राज्यवासियों को गर्मी से राहत दी है, लेकिन साथ ही ओलावृष्टि और वज्रपात ने कई इलाकों में परेशानियाँ पैदा कर दी हैं। रांची सहित कई जिलों में तेज बारिश के साथ ओलावृष्टि की घटनाएं सामने आई हैं, जिससे जनजीवन प्रभावित हुआ है। मौसम विभाग ने राज्य के विभिन्न हिस्सों में भारी बारिश और वज्रपात की चेतावनी जारी करते हुए ब्लू अलर्ट भी जारी किया है। विभाग के अनुसार, एक साइक्लोनिक ट्रफ झारखंड से होकर गुजर रहा है, जो अगले 24 घंटों तक असर डालेगा। इस दौरान रांची और आसपास के इलाकों में तेज बारिश और ओलावृष्टि की संभावना है।
किसानों के लिए चेतावनी
मौसम विभाग ने किसानों को सतर्क रहने की सलाह दी है, क्योंकि तेज बारिश और ओलावृष्टि से फसलों को भारी नुकसान हो सकता है। किसानों को अपनी फसलों की सुरक्षा के लिए उचित कदम उठाने की आवश्यकता है।
सतर्क रहने वाले जिले
मौसम विभाग ने सरायकेला खरसावां, सिमडेगा, पश्चिमी सिंहभूम और पूर्वी सिंहभूम जिलों में ओलावृष्टि और वज्रपात की अधिक संभावना जताई है। इन जिलों के लोगों को घर से बाहर न निकलने की सलाह दी गई है।