Khabarnama Desk : झारखंड के बरही चौक पर पिछले 36 घंटे से भीषण जाम लगा हुआ है, जिससे हजारों वाहन फंसे हुए हैं। यह जाम जीटी रोड, एनएच-31 (रांची रोड) और एनएच-33 (पटना रोड) तक फैल गया है, जहां कई किलोमीटर लंबी गाड़ियों की कतारें लगी हैं।
रविवार शाम से जारी जाम, यात्री बेहाल
यह ट्रैफिक जाम रविवार शाम 4 बजे से शुरू हुआ और सोमवार देर रात तक जारी रहा। फोरलेन हाइवे पर ट्रकों, बसों, कारों और महाकुंभ स्नान के लिए प्रयागराज जा रहे यात्रियों के वाहनों की लंबी कतारें लगी हैं।
स्थिति यह है कि वाहन कुछ फीट खिसककर फिर रुक जा रहे हैं। जाम में फंसे लोग अपने वाहनों को निकालने की कोशिश में आपस में उलझते नजर आए। सोमवार दोपहर करीब 3 बजे कुछ देर के लिए जाम खुला, लेकिन जल्द ही स्थिति फिर बिगड़ गई।
भूख-प्यास से बेहाल महाकुंभ यात्री
रांची से प्रयागराज महाकुंभ स्नान के लिए निकले नयन, नवीन और अर्पित ने बताया कि वे सुबह 6 बजे रांची से निकले थे। शुरू में कोई दिक्कत नहीं आई, लेकिन चौपारण के बाद डायवर्सन के कारण करीब 2 किमी लंबा जाम मिला। इसके बाद सासाराम के बाद 8-9 किमी लंबा जाम लग गया।
स्थिति यह थी कि गाड़ियां धीरे-धीरे रेंग रही थीं और लोग भूख-प्यास से बेहाल हो रहे थे। स्थानीय लोग पानी उपलब्ध करा रहे थे, जिससे कुछ राहत मिली। जाम खुलने के बाद वे वाराणसी होते हुए प्रयागराज पहुंचे।
प्रयागराज में भीड़, महंगा हुआ संगम तक पहुंचना
प्रयागराज पहुंचने के बाद मुख्य मार्ग बंद कर दिया गया था। संगम स्थल से 10 किमी पहले वाहन रोक दिए गए। ऐसे में यात्रियों को पैदल या बाइक व ऑटो से आगे जाना पड़ा।
– बाइक चालक 500-1000 रुपये लेकर संगम स्थल तक पहुंचा रहे थे।
– ऑटो भी चल रहे थे, लेकिन भीड़ ज्यादा होने से पर्याप्त नहीं थे।
– किसी तरह रात में संगम स्थल पहुंचे और सुबह 3:45 बजे कुंभ स्नान किया।
रांची लौटते वक्त फिर फंसे जाम में
रिश्तेदारों के घर कुछ देर रुकने के बाद वे दोपहर 3 बजे रांची के लिए निकले, लेकिन फिर से जाम में फंस गए।
स्थिति अब भी गंभीर बनी हुई है, प्रशासन द्वारा यातायात को सुचारू करने की कोशिशें जारी हैं।