Khabarnama desk : झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) की पूर्व महासचिव और शिबू सोरेन की बड़ी बहू, सीता सोरेन, के पार्टी में पुनः शामिल होने की अटकलें तेज हो गई हैं। हालांकि, झामुमो विधायक बसंत सोरेन ने इन अटकलों को खारिज करते हुए कहा कि पार्टी ने इस बारे में उनसे कोई संपर्क नहीं किया है, और न ही सीता सोरेन ने वापसी के संबंध में कोई पहल की है।
सीता सोरेन ने 2024 के लोकसभा चुनाव से पहले झामुमो छोड़कर भारतीय जनता पार्टी (भा.ज.पा.) का दामन थामा था। भाजपा ने उन्हें दुमका से लोकसभा और जामताड़ा से विधानसभा चुनावों में प्रत्याशी बनाया, लेकिन दोनों ही चुनावों में उन्हें हार का सामना करना पड़ा।
झामुमो का 46वां स्थापना दिवस 2 फरवरी को दुमका के गांधी मैदान में मनाया जा रहा है, जिसमें पार्टी के प्रमुख नेता शामिल होंगे। इस कार्यक्रम के मद्देनजर सीता सोरेन की पार्टी में वापसी की चर्चाएं तेज हो गई हैं, हालांकि इस बारे में कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।