Khabarnama Desk : बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के जन्मदिन पर पटना जंक्शन के पास स्थित प्रसिद्ध महावीर मंदिर में जनता दल यूनाइटेड (JDU) कार्यकर्ताओं द्वारा विशेष आयोजन किया गया। इस अवसर पर JDU कार्यकर्ताओं ने 75 किलो का लड्डू चढ़ाया और 75 कबूतरों को उड़ाया, जो इस आयोजन की विशेषता थी। बिहार सरकार के मंत्री अशोक चौधरी भी इस मौके पर मंदिर में मौजूद रहे और मुख्यमंत्री के योगदान की सराहना की।
अशोक चौधरी ने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने पिछले 20 वर्षों में बिहार को बहुत आगे बढ़ाया है। उनका नेतृत्व बिहार की विकास यात्रा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। आर्थिक सर्वेक्षण रिपोर्ट का जिक्र करते हुए उन्होंने पुरानी सरकार पर निशाना साधा और नीतीश सरकार के कामों की सराहना की। उन्होंने कहा कि आज बिहार की आर्थिक स्थिति, बजट, और मूलभूत संरचनाएं मजबूत हो चुकी हैं, जो राज्य के समग्र विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं।
जातीय गणना का श्रेय नीतीश कुमार को देते हुए अशोक चौधरी ने कहा कि उन्होंने समाज के गरीब और पिछड़े वर्ग को आर्थिक रूप से सशक्त किया है। उद्योग जगत के लोगों की बढ़ती रुचि बिहार में विकास की एक और बड़ी निशानी है। इस मौके पर मंत्री ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के दीर्घायु होने की कामना की और कहा कि आगामी दिन बिहार के लिए और विशेष रूप से अगले पांच साल काफी महत्वपूर्ण होंगे।