समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव के चाचा राजपाल यादव का निधन, सैफई में अंतिम संस्कार।

Nisha Kumari

समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव के चाचा, राजपाल सिंह यादव का 9 जनवरी की सुबह 4 बजे निधन हो गया। वे लंबे समय से बीमार थे और गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में उनका इलाज चल रहा था। उनके निधन से यादव परिवार और समाजवादी पार्टी में शोक की लहर है।

समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता और राजपाल यादव के भाई, रामगोपाल यादव ने उनके निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (पहले ट्विटर) पर पोस्ट कर लिखा, “मैं अत्यंत दुख के साथ सूचित कर रहा हूँ कि मेरे अनुज राजपाल सिंह का आज सुबह 4 बजे असामयिक निधन हो गया है। उनका अंतिम संस्कार हमारे पैतृक गाँव सैफई में आज दोपहर बाद किया जाएगा। प्रभु उनकी आत्मा को शांति दें और उन्हें अपने चरणों में स्थान दें। ॐ शांति।”

राजपाल यादव का पार्थिव शरीर गुरुग्राम से उनके पैतृक गाँव सैफई लाया जाएगा, जहां अंतिम दर्शन के लिए रखा जाएगा। इसके बाद, उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।

उनके निधन से यादव परिवार और उनके समर्थकों में गहरा शोक है। राजपाल यादव के योगदान और उनके व्यक्तित्व को याद करते हुए परिवार और समाजवादी पार्टी के नेता उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दे रहे हैं।

Share This Article
Leave a comment