रेंजर सूर्यभूषण कुमार पर पत्नी के नाम जंगल भूमि निबंधित करने का आरोप

Sneha Kumari

Khabarnama Desk : हंटरगंज में पदस्थ रेंजर सूर्यभूषण कुमार पर आरोप है कि उन्होंने अपने ही कार्यक्षेत्र में दो एकड़ जंगल भूमि को महज दो लाख रुपये में अपनी पत्नी पार्वती कुमारी के नाम निबंधित करा लिया। आरोप है कि रेंजर ने इस भूमि को जंगल की भूमि बताते हुए रैयती भूमि के रूप में निबंधित किया, जबकि राजस्व विभाग के अभिलेख में यह भूमि जंगल के रूप में दर्ज है। यह मामला तब सामने आया जब मुख्य सचिव से शिकायत के बाद विभाग ने सक्रिय होकर जांच प्रक्रिया शुरू कर दी।

रेंजर सूर्यभूषण कुमार ने हंटरगंज प्रखंड के मौजा डाहा, परगना दंतार थाना क्षेत्र में स्थित खाता संख्या 61 के तहत दो एकड़ भूमि अपनी पत्नी के नाम पर खरीदी थी। यह भूमि सरदार यशवंत सिंह और सरदार अजीत सिंह से खरीदी गई थी, जिनके नाम पर यह भूमि पंजीकृत थी। शिकायतकर्ता ने रेंजर पर आरोप लगाया कि उन्होंने गलत तरीके से संपत्ति अर्जित की और इस तरह के कई अन्य मामलों की जांच की जानी चाहिए।

यह भूमि 3 सितंबर 2018 को रजिस्टर्ड हुई थी, और रेंजर ने इसे कृषि कार्य के लिए उपयोगी बताया था। शिकायतकर्ता शनिकांत का कहना है कि अगर आरोपों की गहनता से जांच की जाए, तो कई अन्य लोग भी इस मामले में कानून की गिरफ्त में आ सकते हैं। इस मामले में अब वन विभाग से कार्रवाई की उम्मीद की जा रही है, और वन विभाग के सचिव अबू बक्कर सिद्दीख पी. जल्द ही अपनी रिपोर्ट मुख्य सचिव को सौंपेंगे।

Share This Article
Leave a comment