Khabarnama Desk : झारखंड में श्रीराम कथा के रसपान का सुनहरा अवसर आने जा रहा है। श्रीराम कथा के मर्मज्ञ और श्री प्रेमभूषण जी महाराज के कृपा पात्र, राजन जी महाराज, 27 मार्च से 4 अप्रैल तक बोकारो में अपनी अमृतवाणी से श्रद्धालुओं को श्रीराम कथा सुनाएंगे। इस कथा का आयोजन बोकारो के सेक्टर-4 स्थित मजदूर मैदान में किया जा रहा है, जहां रोजाना अपराह्न 3 बजे से शाम 7 बजे तक कथा का आयोजन होगा।
श्रीराम कथा आयोजन ट्रस्ट (बोकारो) द्वारा आयोजित इस श्रीराम कथा में राजन जी महाराज अपनी कथा से श्रद्धालुओं को श्रीराम के जीवन और उनकी उपदेशों की गहरी समझ देंगे। पिछले साल रांची के हरमू मैदान में हुई श्रीराम कथा में लाखों श्रद्धालु शामिल हुए थे, और अब बोकारो में भी यह आशीर्वाद प्राप्त करने का सुनहरा अवसर है।
श्रीराम कथा के पहले दिन श्रीराम कथा महिमा, शिव-पार्वती विवाह, श्रीराम जन्मोत्सव, बाल लीला, सीताराम विवाह, श्रीराम मंगल यात्रा, केवट प्रसंग, भरत चरित्र, और 4 अप्रैल को सुंदरकांड तथा श्रीराम राज्याभिषेक का वाचन होगा। रांची और आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु इस आयोजन में शामिल होने के लिए बोकारो पहुंचने का प्रयास कर रहे हैं।
रांची निवासी प्रमोद सारस्वत, जो पहले भी श्रीराम कथा में शामिल हो चुके हैं, ने बताया कि यह आयोजन झारखंड में एक ऐतिहासिक और दिव्य अनुभव देने वाला होगा। रांची से प्रमुख रूप से प्रेमचंद श्रीवास्तव (लाला जी), मुकेश काबरा, प्रकाश धेलिया, सज्जन पाड़िया, निर्मल जालान, राजू पोद्दार, नेमीचंद अग्रवाल, आनंद माणिक, दीपक पाठक, गोपाल सोनी और धर्मेंद्र तिवारी जैसे प्रमुख लोग इस कथा में भाग लेंगे।