झारखंड भाजपा में प्रदेश अध्यक्ष पद की दौड़: रघुवर दास से लेकर आदित्य साहू तक, कई नाम चर्चा में

Sneha Kumari

Khabarnama desk : झारखंड भाजपा में प्रदेश अध्यक्ष के पद को लेकर घमासान मचा हुआ है। विधायक दल के नेता का चयन हो चुका है, और अब सबकी नजरें प्रदेश अध्यक्ष की कुर्सी पर हैं। इस पद के लिए कई नेता दावेदारी पेश कर रहे हैं, जिनमें सांसद, विधायक, और पार्टी के वरिष्ठ नेता शामिल हैं। रघुवर दास, जिन्होंने 10 जनवरी को भाजपा की सदस्यता फिर से ली थी, उनका नाम सबसे आगे है। वे पहले मुख्यमंत्री रह चुके हैं और पार्टी में उनकी सक्रियता से उनकी दावेदारी मजबूत मानी जा रही है। इसके अलावा राज्यसभा सांसद आदित्य साहू, हजारीबाग के सांसद मनीष जायसवाल, और पूर्व प्रदेश अध्यक्ष रवींद्र राय के नाम भी चर्चा में हैं।
भाजपा में एक नेता, एक पद का सिद्धांत लागू है, तो बाबूलाल मरांडी की जगह किसी और को प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी दी जाएगी। खास बात ये है कि भाजपा विधायक दल के नेता एक आदिवासी नेता को दिया गया है, इसलिए प्रदेश अध्यक्ष पद किसी ओबीसी या एससी नेता को सौंपा जा सकता है। पार्टी के अंदर लॉबिंग तेज हो गई है, और कई नेताओं ने दिल्ली में केंद्रीय नेताओं से मुलाकात कर अपनी दावेदारी पुख्ता की है।

चुनाव प्रक्रिया फिलहाल चल रही है। होली के बाद मंडल स्तर पर अध्यक्ष की नियुक्ति शुरू होगी, और 50 प्रतिशत मंडलों में चुनाव के बाद जिलाध्यक्षों का चयन होगा। इसके बाद अप्रैल तक नया प्रदेश अध्यक्ष तय होने की उम्मीद है।

Share This Article
Leave a comment