राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का रांची दौरा: कार्यक्रम और ट्रैफिक डायवर्जन… जानें

Sneha Kumari

Khabarnama Desk : राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू शुक्रवार की शाम रांची पहुंची, जहां उनका स्वागत राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार और अन्य अधिकारियों ने बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पर किया। इसके बाद राष्ट्रपति राजभवन पहुंचीं, जहां रात्रि विश्राम किया। शनिवार की सुबह, वह BIT मेसरा के प्लेटिनम जुबिली समारोह में भाग लेंगी। उनका कार्यक्रम सुबह 10:25 बजे राजभवन से निकलकर 10:50 बजे BIT मेसरा पहुंचने का है। कार्यक्रम के बाद 12:05 बजे वह BIT मेसरा से निकलकर 12:40 बजे बिरसा मुंडा एयरपोर्ट से दिल्ली के लिए रवाना होंगी।

राष्ट्रपति मुर्मू BIT मेसरा पहुंचने पर पहले जीपी बिड़ला ऑडिटोरियम में रिसर्च एग्जीबिशन कम डिसप्ले का उद्घाटन करेंगी। इसके बाद सीके बिड़ला और अन्य अधिकारियों के साथ फोटोग्राफी सत्र होगा। राष्ट्रपति फिर स्मारक पदक जारी करेंगी। कार्यक्रम में कुलपति डॉ. इंद्रनील मन्ना आगंतुकों का स्वागत करेंगे। इसके बाद, चंद्रकांत बिड़ला, उच्च व तकनीकी शिक्षा मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू, राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार और राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू अपने भाषण देंगे। राष्ट्रगान के साथ समारोह का समापन होगा।

राष्ट्रपति के दौरे के दौरान रांची में ट्रैफिक डायवर्जन का आयोजन किया गया है। कांके की ओर से छोटे वाहन 9:30 बजे से 11:00 बजे तक रिंग रोड, पिस्का मोड़, पंडरा होते हुए शहर में प्रवेश करेंगे। रांची रेलवे स्टेशन जाने वाले वाहन फ्लाइओवर से बहू बाजार होते हुए जा सकते हैं। कांके रिंग रोड से नेवरी रिंग रोड तक सड़क का उपयोग सुबह 9:30 बजे से दोपहर 1:30 बजे तक कम से कम किया जाएगा। BIT मोड़ से बूटी मोड़, कांटाटोली चौक, फ्लाइओवर, सिरमटोली चौक, सुजाता चौक, डोरंडा थाना चौक, हिनू चौक तक सड़क का उपयोग भी कम किया जाएगा।

रांची एयरपोर्ट जाने वाले यात्रियों के लिए वैकल्पिक मार्गों का सुझाव दिया गया है। जिनकी फ्लाइट सुबह 11 बजे है, उन्हें सुबह 9 बजे तक और जिनकी फ्लाइट 1:30 बजे है, उन्हें 11:30 बजे तक एयरपोर्ट पहुंचने की सलाह दी गई है। वैकल्पिक मार्गों में नामकुम सदाबहार चौक, घाघरा रोड और हेथू बस्ती शामिल हैं।

 

Share This Article
Leave a comment