khabarnama desk : पश्चिमी सिंहभूम जिले में सुरक्षा बलों ने नक्सलियों की एक बड़ी साजिश को नाकाम कर दिया। यह घटना छोटानागरा थाना क्षेत्र के वनग्राम डिकू पोंगा और हथना बेरा के पहाड़ी इलाके की है, जहां नक्सलियों ने सुरक्षा बलों को नुकसान पहुँचाने के लिए जंगल में दो IED बम लगाए थे। सुरक्षा बलों को समय रहते यह बम मिल गए और बम निरोधक दस्ते की मदद से इन्हें मौके पर ही नष्ट कर दिया गया, जिससे बड़ी दुर्घटना टल गई।
पश्चिमी सिंहभूम के एसपी ने बताया कि नक्सलियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। भाकपा के कई शीर्ष नक्सली नेता जैसे मिसिर बेसरा, अनमोल मोछु, अनल, और असीम मंडल कोल्हान और सारंडा क्षेत्र में सक्रिय हैं। इन नक्सलियों की विध्वंसक गतिविधियों को रोकने के लिए चाईबासा पुलिस, कोबरा बटालियन, झारखंड जगुआर और सीआरपीएफ की कई बटालियन मिलकर ऑपरेशन चला रही हैं। सुरक्षा बलों का यह अभियान आगे भी जारी रहेगा, ताकि इन नक्सलियों की नापाक योजनाओं को नाकाम किया जा सके।