जमशेदपुर में सामूहिक विवाह कार्यक्रम संपन्न: 8 जोड़ो ने लिए वैदिक विवाह संस्कार

Sneha Kumari

Khabarnama Desk : नरेंद्र मोदी विचार मंच और सनातन सेवा परिषद के संयुक्त तत्वावधान में जमशेदपुर के सोनारी स्थित भूतनाथ मंदिर परिसर में 8 जोड़ो का सामूहिक विवाह कार्यक्रम आयोजित किया गया। यह कार्यक्रम विशेष रूप से आर्थिक रूप से कमजोर और जरूरतमंद परिवारों की बेटियों का विवाह संपन्न कराने के उद्देश्य से आयोजित किया गया था।

कार्यक्रम की शुरुआत शिवालाल आखाड़ा से बारात के साथ हुई, और पूरे विधि-विधान से विवाह संस्कारों का संपादन अखिल विश्व गायत्री परिवार की महिला पुरोहितों द्वारा किया गया, जिससे यह आयोजन विशिष्ट बन गया।

नरेंद्र मोदी विचार मंच के प्रदेश अध्यक्ष विनोद राणा ने बताया कि उनकी संस्था कई वर्षों से इस प्रकार के कार्यक्रमों का आयोजन कर रही है, जो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘बेटी बचाओ – बेटी पढ़ाओ’ अभियान से प्रेरित हैं। इस वर्ष भी 8 जोड़ों का विवाह धूमधाम से संपन्न कराया गया।

प्रदेश संगठन मंत्री सुजीत वर्मा ने कहा कि यह आयोजन केवल विवाह संपन्न कराना नहीं, बल्कि समाज में सहयोग और सौहार्द्र की भावना को बढ़ावा देने का प्रयास है।

नवविवाहित जोड़ों को संस्था की ओर से अलमीरा, पलंग, गद्दा, तोशक, बेडशीट, कंबल, श्रृंगार बॉक्स, बर्तन सेट, मंगलसूत्र, पायल और शेरवानी सेट जैसे उपहार भी प्रदान किए गए।

कार्यक्रम में कई प्रमुख हस्तियां उपस्थित थीं, जिनमें ईचागढ़ के पूर्व विधायक अरविंद सिंह, उद्योगपति मंटु सिंह, भाजपा जिला अध्यक्ष सुधांशु ओझा और अन्य गणमान्य लोग शामिल थे।

Share This Article
Leave a comment