Khabarnama Desk : प्रयागराज से महाकुंभ में स्नान कर रांची लौट रहीं राज्यसभा सांसद महुआ माझी बुधवार को एक सड़क हादसे में घायल हो गईं। यह घटना उस समय हुई जब उनकी कार लातेहार के सदर थाना क्षेत्र स्थित होटवाग गांव के पास एनएच-75 पर चल रही थी। बताया जा रहा है कि सुबह करीब 3:40 बजे उनके चालक को झपकी आ गई, जिसके कारण कार अनियंत्रित होकर एक खड़े ट्रक से टकरा गई। इस हादसे में महुआ माझी के साथ उनके परिवार के अन्य सदस्य भी घायल हुए हैं।
घायल सांसद और उनके परिवार के अन्य सदस्यों को अस्पताल में भर्ती कराया गया। पहले लातेहार में उनका इलाज किया गया, फिर गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें रांची रेफर कर दिया गया। अब वह रांची के आर्किड अस्पताल में इलाजरत हैं।
आर्किड अस्पताल के डॉक्टरों के अनुसार, महुआ माझी के हाथ में रेडियस फ्रेक्चर और छाती की हड्डी में भी फ्रैक्चर हो गया है, जिससे हवा भर गई है। फिलहाल, उन्हें ऑक्सीजन सपोर्ट पर रखा गया है और डॉक्टरों का कहना है कि उनकी स्थिति खतरे से बाहर है। आज उनका ऑपरेशन किया जाएगा, और उम्मीद है कि वह जल्दी ठीक हो जाएंगी।