Khabarnama desk: बिहार के भोजपुर जिले में रविवार को STF और स्थानीय पुलिस को बड़ी सफलता मिली। एक लाख रुपए के इनामी कुख्यात अपराधी कल्लू राय उर्फ कल्लू यादव को गिरफ्तार कर लिया गया। चांदी थाना क्षेत्र के रामपुर गांव का निवासी कल्लू यादव पर 11 गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं, जिनमें हत्या का प्रयास, गोलीबारी, शराब और हथियारों की तस्करी शामिल है।
STF को सूचना मिली थी कि कल्लू यादव विशुनपुर सोन नदी इलाके में छिपा हुआ है। इसके बाद चांदी थाना के थानाध्यक्ष राकेश रौशन और सशस्त्र बलों के साथ एक संयुक्त टीम ने तत्परता से कार्रवाई कर उसे गिरफ्तार कर लिया।
SP राज ने बताया कि कल्लू यादव पर हाल ही में पुलिस मुख्यालय ने एक लाख रुपए का इनाम घोषित किया था। इसके अलावा, उस पर 9 अक्टूबर 2024 को पुलिस पर गोली चलाने का भी आरोप है, जिसमें पुलिसकर्मी बाल-बाल बचे थे। तब से वह फरार चल रहा था।
गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने कहा कि कल्लू यादव पर हत्या के प्रयास और अवैध गतिविधियों के कई आरोप हैं। यह गिरफ्तारी भोजपुर पुलिस के लिए एक महत्वपूर्ण सफलता मानी जा रही है।