झारखंड मुक्ति मोर्चा का 46वां झारखंड दिवस आज, दिशोम गुरु शिबू सोरेन और सीएम हेमंत सोरेन करेंगे शिरकत

Nisha Kumari

दुमका: झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) आज दुमका के गांधी मैदान में 46वां झारखंड दिवस बड़े धूमधाम से मना रहा है। इस अवसर पर पार्टी सुप्रीमो दिशोम गुरु शिबू सोरेन, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, गांडेय विधायक कल्पना सोरेन समेत कई वरिष्ठ नेता और हजारों समर्थक मौजूद रहेंगे।

झारखंड दिवस समारोह को यादगार बनाने के लिए पूरे शहर को होर्डिंग, बैनर और तोरण द्वारों से सजाया गया है। गांधी मैदान तक पहुंचने के सभी मार्गों को विशेष रूप से सुसज्जित किया गया है। मैदान में बड़ा मंच और चार स्थानों पर एलईडी स्क्रीन लगाई गई हैं, ताकि दूर-दराज के लोग भी कार्यक्रम का सीधा प्रसारण देख सकें।

गुरुजी के सपनों को साकार करने का सही समय: बसंत सोरेन
झारखंड दिवस समारोह की तैयारियों की निगरानी कर रहे दुमका विधायक बसंत सोरेन ने कहा कि झारखंड के लोगों ने जिस ऊर्जा के साथ झामुमो को समर्थन दिया है, पार्टी उसे जनअपेक्षाओं पर खरा उतारने के लिए दिन-रात काम कर रही है। उन्होंने कहा, “जल, जंगल और जमीन हमारी पार्टी का मंत्र है। आदिवासी-मूलवासी समुदाय के विकास के लिए यह सबसे सही समय है।”

आदिवासी-मूलवासियों के उत्थान पर जोर
बसंत सोरेन ने कहा कि सरकार आदिवासी-मूलवासियों को विकास के पथ पर आगे बढ़ाने के लिए पूरी तरह से प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि झारखंड के मूलवासियों को दारू-हड़िया संस्कृति से बाहर निकालकर स्वरोजगार और छोटे उद्योगों से जोड़ने की पहल की जा रही है, जिससे राज्य में पलायन रोका जा सके।

दुमका को हवाई और रेल कनेक्टिविटी से जोड़ा जाएगा
झामुमो सरकार दुमका में हवाई सेवा और रेल कनेक्टिविटी बढ़ाने की दिशा में काम कर रही है। बसंत सोरेन ने कहा कि झारखंड के ग्रामीण इलाकों तक बेहतर सड़क, सिंचाई और बुनियादी सुविधाएं पहुंचाने के लिए सरकार तेजी से काम कर रही है।

बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं का जुटान
46वें झारखंड दिवस के मौके पर झामुमो समर्थकों की भारी भीड़ उमड़ी है। एसपी कॉलेज से गांधी मैदान तक विशाल रैली निकाली जाएगी, जिसमें पार्टी के कार्यकर्ता और आम लोग बढ़-चढ़कर हिस्सा लेंगे।

झारखंड दिवस के इस भव्य आयोजन से राज्य की राजनीति में एक नई ऊर्जा का संचार होने की उम्मीद है।

Share This Article
Leave a comment