Khabarnama desk : झारखंड में गर्मी का असर बढ़ने लगा है। पिछले 4 दिन की बारिश के बाद तापमान में 5 से 6 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आई थी, लेकिन अब मौसम पूरी तरह से साफ हो गया है। राज्य के 12 जिलों का तापमान 35 डिग्री सेल्सियस के पार जा चुका है। मौसम केंद्र के वैज्ञानिक अभिषेक आनंद के अनुसार, तापमान में लगातार बढ़ोतरी होगी और यह 40 डिग्री तक पहुंच सकता है।
बीते 24 घंटों के मौसम की बात करें तो राज्य में मौसम शुष्क रहा। पलामू में सबसे अधिक तापमान 34.9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जबकि हजारीबाग में सबसे कम तापमान 14.8 डिग्री सेल्सियस रहा। आगामी एक सप्ताह के दौरान अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है, और रांची में यह 36 डिग्री तक जा सकता है।
मौसम केंद्र के मुताबिक, 31 मार्च तक मौसम सामान्य रहेगा और अधिकतर जिलों का तापमान 40 डिग्री से कम रहेगा। रांची का अधिकतम तापमान 32 से 36 डिग्री सेल्सियस के बीच रहेगा, और किसी बड़े मौसम बदलाव का अनुमान नहीं है।