Khabarnama Desk :आईसीसी ने नई टेस्ट टीम रैंकिंग जारी की है, जिसमें भारत को बड़ा झटका लगा है। 2016 के बाद पहली बार भारत टॉप-2 से बाहर होकर तीसरे स्थान पर खिसक गया है। हाल ही में हुई बॉर्डर-गावस्कर सीरीज में भारत को ऑस्ट्रेलिया से 3-1 से हार का सामना करना पड़ा। इसके बाद दक्षिण अफ्रीका ने पाकिस्तान को 2-0 से हराया, जिससे दक्षिण अफ्रीका को रैंकिंग में फायदा हुआ।
अब दक्षिण अफ्रीका 112 रेटिंग प्वाइंट्स के साथ दूसरे स्थान पर पहुंच गया है, जबकि भारत 109 प्वाइंट्स के साथ तीसरे स्थान पर है। ऑस्ट्रेलिया 126 रेटिंग प्वाइंट्स के साथ पहले स्थान पर बना हुआ है। इंग्लैंड और न्यूजीलैंड चौथे और पांचवें स्थान पर हैं।
वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) रैंकिंग में भी दक्षिण अफ्रीका ने शानदार प्रदर्शन किया। पाकिस्तान के खिलाफ जीत के बाद, दक्षिण अफ्रीका 69.44 प्रतिशत अंकों के साथ WTC प्वाइंट्स टेबल में पहले स्थान पर है। ऑस्ट्रेलिया 63.73 प्रतिशत अंकों के साथ दूसरे और भारत 50 प्रतिशत अंकों के साथ तीसरे स्थान पर है।
भारत की WTC फाइनल में खेलने की उम्मीदें खत्म हो गई हैं। अब दक्षिण अफ्रीका और ऑस्ट्रेलिया ने वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप 2023-25 के फाइनल के लिए क्वालिफाई कर लिया है। यह फाइनल 11 से 15 जून के बीच इंग्लैंड के ऐतिहासिक लॉर्ड्स मैदान पर खेला जाएगा।