Khabarnama Desk : झारखंड में सर्दी ने एक बार फिर से जोर पकड़ लिया है। ठंडी हवाओं और घने कोहरे के कारण लोग परेशान हैं। दिनभर ठंडी हवाएं चलने की वजह से लोग शाम होते ही अपने घरों में बंद हो जाते हैं। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि तापमान अगले कुछ दिनों में और गिर सकता है। कई जिलों का तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे जा सकता है। 9 जनवरी को राज्य के उत्तरी हिस्सों में घना कोहरा रहेगा, जबकि अन्य इलाकों में सुबह हल्का कोहरा हो सकता है। लेकिन जैसे ही दिन चढ़ेगा, कोहरा छंट जाएगा और आसमान साफ हो जाएगा।
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, अगले 24 घंटों में तापमान में 2-3 डिग्री की और गिरावट हो सकती है। इस दौरान रांची में न्यूनतम तापमान 8 डिग्री और अधिकतम तापमान 22 डिग्री के आसपास रह सकता है। जिन जिलों में घने कोहरे की संभावना है, उनमें रांची, गुमला, खूंटी, सिमडेगा, लोहरदगा, लातेहार, पश्चिमी सिंहभूम, पूर्वी सिंहभूम, सरायकेला, रामगढ़, बोकारो और धनबाद शामिल हैं।
मौसम विभाग ने वाहन चालकों को सावधानी बरतने की सलाह दी है। कोहरे के कारण दृश्यता (विजिबिलिटी) कम हो सकती है, जिससे सड़क पर चलने में परेशानी हो सकती है। मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, 12 जनवरी तक मौसम में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा, और ठंड और कोहरे का असर जारी रहेगा। खासकर बच्चों और बुजुर्गों को इस मौसम में अधिक परेशानी हो रही है, इसलिए स्वास्थ्य का ध्यान रखना जरूरी है।