Khabarnama desk : 18 मार्च 2025 को रांची के टाटीसिलवे थाना में UNICEF द्वारा एक जागरूकता कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस कार्यशाला का उद्देश्य बच्चों को विभिन्न अपराधों और उनकी रोकथाम के लिए कानून के बारे में जानकारी देना था। यह कार्यक्रम टाटीसिलवे थाना क्षेत्र के सिल्वे, महिलौंग, आरा गेट और टाटीसिलवे स्थित सरकारी स्कूलों से आए बच्चों के लिए आयोजित किया गया।
कार्यशाला में पुलिस सब इंस्पेक्टर श्वेता कुमारी ने बच्चों को ट्रैफिक नियमों, बाल विवाह, बाल यौन उत्पीड़न, और दहेज प्रथा जैसे अपराधों के बारे में बताया और इनकी रोकथाम के लिए जागरूक किया। साथ ही, उन्होंने बच्चों को “गुड टच” और “बैड टच” के बारे में समझाया और इमरजेंसी नंबरों के बारे में जानकारी दी।
बच्चों ने भी इस दौरान अपने सवाल पूछे, जिन्हें सही तरीके से जवाब दिया गया। इसके अतिरिक्त, उच्च शिक्षा और करियर से जुड़े सवालों पर भी उचित दिशा-निर्देश दिए गए। इस कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों को उनके अधिकारों और सुरक्षा के बारे में जागरूक करना था।