Khabarnama desk : झारखंड में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में शुरू की गई एयर एम्बुलेंस सेवा गंभीर बीमारियों से जूझ रहे असहाय मरीजों के लिए एक महत्वपूर्ण कदम साबित हो रही है। अब तक इस सेवा के माध्यम से 94 मरीजों को झारखंड से एयरलिफ्ट कर प्रमुख अस्पतालों में शिफ्ट किया गया है। इनमें से 78 मरीज रांची से और 11 अन्य जिलों से थे।
यह सेवा तब विशेष रूप से उपयोगी होती है जब मरीज को तत्काल उच्चस्तरीय चिकित्सा की आवश्यकता होती है। इस पहल से झारखंड के लोग अब त्वरित और आसान तरीके से दूसरे राज्यों के अस्पतालों में उपचार प्राप्त कर रहे हैं। विधानसभा चुनाव के दौरान गंभीर रूप से घायल झारखंड पुलिस बल के जवानों को भी इस सेवा से एयरलिफ्ट किया गया था।
एयर एम्बुलेंस सेवा का लाभ न केवल आम नागरिकों को, बल्कि कई गणमान्य व्यक्तियों और पुलिस जवानों को भी मिला है। इस सेवा के बारे में जानकारी प्राप्त करने के लिए लोग नगर विमान विभाग के +918210594073 मोबाइल नंबर पर कॉल कर सकते हैं।
एयर एम्बुलेंस सेवा की दरें और रूट
- रांची – दिल्ली: ₹3.3 लाख
- रांची – मुंबई: ₹4.4 लाख
- रांची – चेन्नई: ₹3.85 लाख
- रांची – कोलकाता: ₹1.10 लाख
- रांची – हैदराबाद: ₹3.02 लाख
- रांची – वाराणसी: ₹1.37 लाख
- रांची – लखनऊ: ₹2.20 लाख
- रांची – तिरुपति: ₹3.85 लाख
सी-90 एयरक्राफ्ट की सुविधा
इस सेवा में सी-90 एयरक्राफ्ट की सुविधा उपलब्ध है, जिसमें एक मरीज और दो परिजनों को एक साथ अन्य राज्य में भेजा जा सकता है।