Khabarnama Desk : मेदिनीनगर (पलामू)- झारखंड सरकार ने मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना के तहत पलामू प्रमंडल में बड़ी कार्रवाई करते हुए 2,05,684 अयोग्य लाभुकों के नाम स्वीकृत सूची से हटा दिए हैं। सरकार की ओर से इस संबंध में पलामू, गढ़वा और लातेहार जिले के प्रशासन को आधिकारिक सूचना भेजी गई है।
तीनों जिलों में हटाए गए लाभुकों की संख्या:
– पलामू: 95,684 लाभुकों के नाम सूची से हटाए गए।
– गढ़वा: 70,000 लाभुक योजना के दायरे से बाहर हुए।
– लातेहार: 40,000 से अधिक लाभुकों को अयोग्य पाया गया।
सरकार का कहना है कि गड़बड़ियों की शिकायतों के बाद मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के निर्देश पर लाभुकों का घर-घर सत्यापन किया गया। सत्यापन के बाद अयोग्य पाए गए लाभुकों के नाम सूची से हटा दिए गए, ताकि योजना का लाभ केवल पात्र लोगों को ही मिले।
अब इन्हीं लाभुकों को मिलेगी योजना की राशि
– पलामू – दिसंबर 2024 में 3,72,937 लाभुकों को योजना की राशि भेजी गई थी, लेकिन अब यह संख्या घटकर 2,77,253 हो गई है।
– लातेहार – पहले 1,46,000 लाभुकों को भुगतान हुआ था, लेकिन अब केवल 1,06,000 लाभुक पात्र माने गए हैं।
– गढ़वा- दिसंबर 2024 में 2,42,000 लाभुकों को राशि मिली थी, लेकिन मार्च 2025 में 1,65,000 को ही स्वीकृति दी गई है।
ऑनलाइन डाटा में भी लाभुकों की संख्या घटी
झारखंड सरकार ने हाल ही में सभी जिलों के अधिकारियों के साथ एक ऑनलाइन बैठक की थी, जिसमें यह पाया गया कि लाभुकों की संख्या में भारी गिरावट आई है। हालांकि, इस मुद्दे पर सामाजिक सुरक्षा विभाग की निदेशक समीरा एस से संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन उन्होंने फोन नहीं उठाया।
सरकार की सख्ती जारी रहेगी
आपको बता दें की राज्य सरकार ने स्पष्ट कर दिया है कि योजना का दुरुपयोग रोकने के लिए सख्त कार्रवाई की जाएगी। सरकार की मंशा है कि केवल सही और पात्र लाभुकों को ही योजना का लाभ मिले और अयोग्य लाभार्थियों को बाहर किया जाए।