Khabarnama Desk : झारखंड का मौसम एक बार फिर से बदलने जा रहा है। 28 फरवरी को पलामू, गढ़वा, चतरा, कोडरमा, लातेहार और लोहरदगा में बारिश के आसार हैं। जबकि अन्य हिस्सों में आंशिक रूप से बादल छाए रह सकते हैं। पिछले 24 घंटे में राज्य का मौसम शुष्क रहा, जहां सबसे अधिक तापमान 33.7 डिग्री सेल्सियस सरायकेला में और सबसे कम तापमान 10.7 डिग्री सेल्सियस चतरा में दर्ज किया गया।
मौसम विभाग के अनुसार, 1 मार्च को उत्तर-पश्चिमी और उत्तरी हिस्सों में हल्की बारिश हो सकती है, जबकि बाकी हिस्सों में आंशिक बादल रहेंगे। रात और सुबह हल्की ठंड हो सकती है, लेकिन दिन में मौसम गर्म रहेगा। अगले दो दिनों में तापमान में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि हो सकती है। 2 मार्च से मौसम शुष्क रहने की संभावना है।
मौसम विभाग ने 15 दिनों का पूर्वानुमान जारी किया है, जिसमें 28 फरवरी से 6 मार्च के दौरान अधिकतम तापमान सामान्य से अधिक रहने की संभावना है। यह 29 डिग्री से 37 डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है। 7 से 13 मार्च के बीच तापमान 30 से 36 डिग्री सेल्सियस तक रह सकता है, जो सामान्य से ज्यादा होगा।