Khabarnama Desk : गिरिडीह में आज सुबह एक व्यक्ति की अज्ञात वाहन की चपेट में आने से दुखद मौत हो गई। मृतक की पहचान फदौरी मल्लाह के 42 वर्षीय पुत्र जानकी मल्लाह के रूप में हुई है। यह घटना पचंबा थाना क्षेत्र के परसाटांड़ मल्लाह टोला में घटी।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, जानकी मल्लाह पचंबा से काम करके पैदल अपने घर लौट रहे थे, तभी परसाटांड़ मोड़ के पास एक अज्ञात वाहन ने उन्हें पीछे से टक्कर मार दी और फरार हो गया। इस दुर्घटना में जानकी मल्लाह की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक घर का एकलौता कमाने वाला सदस्य था, और उनके परिवार में तीन बेटे और एक बेटी हैं।
घटना के बाद, स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी। पचंबा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इस हादसे के बाद मृतक के परिवार और स्थानीय लोग सड़क जाम करने की योजना बना रहे हैं। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और फरार वाहन की तलाश में जुटी है।