प्रगति यात्रा पर CM नीतीश का बेगूसराय दौरा, 382 करोड़ की योजनाओं का राज्यवासियों को देंगे सौगात

Sneha Kumari

Khabarnama Desk : बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार आज अपनी प्रगति यात्रा के तहत बेगूसराय के मटिहानी, चेरिया बरियारपुर और सदर बेगूसराय प्रखंड का दौरा करेंगे। इस दौरान वह विभिन्न विभागों की 382 करोड़ रुपये की लागत वाली 427 योजनाओं का शिलान्यास करेंगे। मुख्यमंत्री की यात्रा को सफल बनाने के लिए प्रशासन कार्यक्रम स्थल का लगातार निरीक्षण कर रहा है।

यात्रा के दौरान जिला प्रशासन के अधिकारी, जैसे डीएम तुषार सिंगला, एसपी मनीष कुमार और डीडीसी सोमेश बहादुर माथुर, तैयारियों का जायजा ले रहे हैं। सुरक्षा और यातायात व्यवस्था के लिए बेगूसराय अनुमंडल प्रशासन ने नागरिकों को दिशा-निर्देश जारी किए हैं।

इस दौरान कुछ प्रमुख रास्तों पर यातायात प्रभावित रहेगा। SH 55 पर सिउरी पुल से बेगूसराय और बेगूसराय से सिउरी पुल के बीच दिन के 11.30 बजे से 2.30 बजे तक यातायात बंद रहेगा। इसके अलावा, गुप्ता लखमिनियां बांध के फेज 1 और 2 में सुबह 9 बजे से दोपहर 1 बजे तक यातायात प्रभावित रहेगा। मंझौल जाने वाले यात्री गांधी चौक से वीरपुर की ओर जाने वाले रास्ते का उपयोग करेंगे, जबकि मुंगेर से मंझौल जाने वाले बलिया से डंडारी का रास्ता अपनाएंगे।

लोहियानगर रेलवे ओवरब्रिज पर दिन के 10 बजे से 4 बजे तक यातायात प्रभावित रहेगा। इसके बाद रजौड़ा से नीमाचांदपुरा रास्ता दिन के 11.30 से 2.30 बजे तक बंद रहेगा। मंझौल अनुमंडल कार्यालय से जारी आदेश के अनुसार, 18 जनवरी को शाम 5 बजे तक रोसड़ा से बेगूसराय के लिए प्रस्थान किया जाएगा। बखरी और गढ़पुरा से आने वाले वाहन डंडारी और बलिया होते हुए बेगूसराय की ओर जाएंगे।

 

Share This Article
Leave a comment