Khabarnama Desk : कोच्चि जल मेट्रो की सफलता के बाद अब देशभर के 18 स्थानों पर इस पर्यावरण अनुकूल जल परिवहन मॉडल को लागू करने की योजना बनाई जा रही है। कोच्चि मेट्रो रेल लिमिटेड (KMRL) ने बताया कि बंदरगाह, जहाजरानी और जलमार्ग मंत्रालय ने इसी प्रकार की जल मेट्रो सेवाओं की क्षमता का आकलन करने का कार्य सौंपा है।
जल मेट्रो के लिए नया परामर्श शाखा
KMRL ने हाल ही में परामर्श शाखा बनाने की मंजूरी दी है। प्रारंभिक कार्य के लिए एक आंतरिक समिति का गठन हो चुका है, और जरूरत पड़ने पर बाहरी विशेषज्ञ भी शामिल किए जाएंगे। यह पहल KMRL और केरल की विशेषज्ञता और नवाचार के लिए गर्व का विषय है।
किन शहरों में शुरू होगी जल मेट्रो सेवा?
जल मेट्रो के संभावित शहरों में अहमदाबाद, सूरत, मंगलुरु, अयोध्या, धुबरी, गोवा, कोल्लम, कोलकाता, पटना, प्रयागराज, श्रीनगर, वाराणसी, मुंबई, वसई और गुवाहाटी जैसे प्रमुख शहर शामिल हैं। इसके अतिरिक्त, जम्मू-कश्मीर के डल झील और अंडमान व लक्षद्वीप द्वीपों में जल मेट्रो सेवा शुरू करने की संभावना पर भी विचार किया जा रहा है।
आधुनिक और टिकाऊ डिजाइन
KMRL के अनुसार, जल मेट्रो सिस्टम आधुनिक सुविधाओं और पर्यावरणीय सुरक्षा के हिसाब से डिजाइन किया गया है। कोच्चि जल मेट्रो ने शहरी जल परिवहन के लिए एक नया मानक स्थापित किया है। भविष्य में नदियों, झीलों और तटीय क्षेत्रों में इस सेवा का विस्तार किया जाएगा।